महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा है कि महिलाओं के लिये स्वस्थ व सुरक्षित समाज निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वतंत्रता के बाद मीडिया दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। श्रीमती चिटनिस बुरहानपुर में विश्व प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय मीडिया एडवोकेसी कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहीं थीं।
महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती चिटनिस ने कहा कि मीडिया के कारण हमें अपने आलोचनात्मक आत्म विश्लेषण करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि मीडिया में समाचार पत्रों की विश्वसनीयता आज भी बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ आज घर के बाहर निकलकर पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहीं हैं। इसके बावजूद घर में भी महिलाएँ पुरूषों की अपेक्षा अधिक जिम्मेदारी से काम कर रही हैं। कार्यशाला में कलेक्टर डॉ. सत्येन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज श्रीवास्तव, नई दिल्ली ईटीवी समूह के विनोद कश्यप, इंडिया टुडे पत्रिका के राहुल नरोन्हा, इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश हिन्दुस्तानी, दैनिक सुबह सबेरे अखबार के पत्रकार अजय बोकिल, समागम पत्रिका के सम्पादक मनोज कुमार, पत्रकार सोमदत्त शास्त्री और देशबंधु समाचार पत्र की प्रतिनिधि सुश्री रूबि सरकार ने भी प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व पर विचार रखें।
Comments
Post a Comment